ओरमांझी में नव वर्ष पर होगा भव्य माँ काली मंदिर का भूमि पूजन

360° Ek Sandesh Live

NEWS by Mustaffa

ओरमांझी (रांची) : प्रखंड के धार्मिक और सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत करने की दिशा में काली पूजा समिति, ओरमांझी ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। क्षेत्र की आराध्य माँ काली के पुराने मंदिर के स्थान पर अब एक अत्यंत भव्य और कलात्मक मंदिर का निर्माण किया जाएगा। संकल्प की शुरुआत मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में हाजिरी लगाई। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की सफलता का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
समिति के सचिव श्याम किशोर महतो ने बताया कि आगामी नव वर्ष के शुभ अवसर पर मंदिर की नींव रखी जाएगी। इस भूमि पूजन समारोह को एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य अतिथियों का भव्य नागरिक अभिनंदन और सम्मान किया जाएगा। “यह मंदिर केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि हमारी अटूट आस्था और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा। हम समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से एक ऐसी धरोहर बनाएंगे जो आने वाली पीढ़ियों को धार्मिक चेतना से जोड़ेगी। जयगोविंद उर्फ लालू साहू जन-भागीदारी से बनेगा ‘जन-मंदिर’ समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिर का निर्माण किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण ओरमांझी वासियों की सहभागिता से होगा। अध्यक्ष अजय सिंह और कोषाध्यक्ष नितेष कुमार छोटू ने सभी ग्रामीणों से इस महायज्ञ में तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की है।
संकल्प सभा में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष अजय सिंह, कोषाध्यक्ष नितेष कुमार छोटू के साथ-साथ शंकर गुप्ता, आमोद कुमार साहू, नरेश महतो, डॉ. प्रदीप कुमार, भीम मुंडा, योगेंद्र मुंडा, नोना पाहन, पारस मुंडा, विनय दुबे, अरुण मंडल और बड़ी संख्या में समिति के अन्य सदस्य व ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love