Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र से धार्मिक आस्था को निशाना बनाकर की गई ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संजय पथ स्थित सर्वोदय पथ इलाके में साधु के वेश में आए तीन ठगों ने एक महिला को चमत्कार और सिद्धि का झांसा देकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वोदय पथ निवासी कंचन देवी के घर शनिवार दोपहर के समय तीन व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे और भिक्षा की मांग की। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को सिद्ध पुरुष बताते हुए धार्मिक बातें शुरू कीं और जमीन या पत्थर से प्रतिमा और सोना बनाने का दावा किया। उनकी बातों और कथित चमत्कारों में आकर महिला ने उन पर भरोसा कर लिया।
ठगों ने कहा कि घर में मौजूद सोने को शुद्ध कर उसे कई गुना बढ़ाया जा सकता है, इसके लिए सभी गहनों की जरूरत होगी। झांसे में आई महिला ने अपनी सोने की चेन, जिउतिया सहित तीन से चार लाख रुपये मूल्य के अन्य गहने उन्हें सौंप दिए। ठगों ने गहनों को कपड़े या कागज की पोटली में बांधकर मंत्र पढ़े और हिदायत दी कि कुछ समय तक पोटली न खोली जाए। इसके बाद वे वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब महिला अपने बच्चे को स्कूल से लाकर पोटली खोलने लगी तो उसके होश उड़ गए। पोटली के अंदर असली गहनों की जगह केवल पत्थर, नकली वस्तुएं और रुद्राक्ष निकले। ठगी का एहसास होते ही महिला ने शोर मचाया। उस समय वह घर में अकेली थी। सूचना मिलने पर पति चंदन कुमार घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी उलीडीह थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि ठगों की पहचान की जा सके। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में तीन साधु का फुटेज पुलिस ने बरामद कर लिया है।
