एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस का प्रदर्शन राष्ट्र के खिलाफ अपराधः भाजपा

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली/लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को राष्ट्र के खिलाफ अपराध बताया है। भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते करते कांग्रेस अब राष्ट्र विरोधी हो गयी है। संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा, “कांग्रेस द्वारा किया गया यह विरोध निंदनीय है। यह सिर्फ एक गलती नहीं बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है। माफी मांगने की जगह कुछ कांग्रेस नेता इसको जायज ठहरा रहे थे और कह रहे थे कि ये युवाओं का आक्रोश है। दुनिया के सामने वो भारत को बदनाम करने के लिए इसे युवाओं का आक्रोश कह रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस भाजपा की आलोचना कर रही हैं तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जब दुनिया भारत की प्रगति की सराहना कर रही है तो इसे स्वीकार करना चाहिए है। यहां तक कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी कहा कि एक दशक पहले डिजिटल लेनदेन बहुत कम थे और आज तो गली-मोहल्ले के विक्रेता भी यूपीआई का उपयोग कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि फिर भी राहुल गांधी भारत की इस सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं और देश का अपमान करना जारी रखे हुए हैं।

वैष्णव बोले- एआई शिखर सम्मेलन के दौरान कांग्रेस का प्रदर्शन शर्मनाकः रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं को उन्होंने राहुल गांधी को समझाने की कोशिश करने के कहा लेकिन राहुल न जाने कब समझदारी से पेश आएंगे? युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन से भाजपा ही नहीं देश के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि एआई शिखर सम्मेलन भाजपा का कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के लिए गौरव की बात है, लेकिन राहुल को यह बात समझ में नहीं आती। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक घटना है। जब बात राष्ट्रहित की हो तो उसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। चुनाव नहीं जीत पाने की हताशा में कांग्रेस अब देश के खिलाफ आचरण कर रही है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने प्रधानमंत्री मोदी को इतने भव्य एआई शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने इस सम्मेलन की सराहना की। वहीं दिल्ली में एआई शिखर सम्मेलन’के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने “शर्मनाक” बताया है। वैष्णव ने शनिवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि योजन के दौरान कल (शुक्रवार) युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया प्रदर्शन शर्मनाक है। जब पूरी दुनिया भारत की प्रगति और तकनीक पर विश्वास जता रही है, ऐसे समय में देश की छवि को नुकसान पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकी (कांग्रेस) राजनीति एंटी-यूथ (युवा-विरोधी) है और वे देश में आ रही नई तकनीक और प्रयासों के मार्ग में बाधा बन रहे हैं।

मायावती ने कहा-देश की गरिमा व छवि को बिगाड़ना उचित नहीं : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने नई दिल्ली में हुए एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस की यूथ विंग के विरोध प्रदर्शन करने काे लेकर कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे अति—अशोभनीय व निन्दनीय करार देते हुए कहा है कि इस प्रकार के अन्तर—राष्ट्रीय कार्यक्रमों में इस प्रकार के आचरण से देश की गरिमा एवं छवि को प्रभावित करता है, यह उचित नहीं है। बसपा प्रमुख ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे। यह इवेन्ट अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था। इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है,जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं। वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है। उन्होंने आगे लिखा है कि अगर यह सम्मेलन अन्तरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है। अर्थात अपने देश की गरिमा व छवि को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।

Spread the love