मेयर के विजय जुलूस में चक्कर खाकर गिरे पलामू सांसद, तेज धूप से बिगड़ी तबीयत

Politics

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम शनिवार को अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। वे दोपहर एक बजे के आसपास मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित मेयर अरुणा शंकर के विजय जुलूस में शामिल हुए थे। वे एक खुली जीप में सवार थे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज में मतों की गिनती हुई। अरुणा शंकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नम्रता त्रिपाठी को 3122 वोटों से हराया। अरुण शंकर ने जहां 24169 मत हासिल किए, वहीं नम्रता त्रिपाठी को 21047 वोट मिले।

अरूणा शंकर ने अपनी जीत की खुशी में बाजे-गाजे के साथ दोपहर 12 बजे अपने आवास से विजय जुलूस निकाला। सांसद बीडी राम खुली गाड़ी में अपनी बेटी स्मिता, विधायक आलोक चौरसिया और मेयर अरुणा शंकर के साथ शामिल थे। मेयर आवास से निकला विजय जुलूस नावाटोली से सद्दीक मंजिल चौक होते हुए मुख्य बाजार पहुंचा। जुलूस जब धर्मशाला रोड पहुंचा, तो सांसद गाड़ी में ही चक्कर खाकर गिर पड़े। इस घटना से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और नावाटोली स्थित डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया और कुछ देर बाद छुट्टी दे दी। सांसद बीडी राम अपने शांतिपुरी आवास लौट गए हैं। उन्होंने मिलने आए लोगों को बताया कि तेज धूप के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनके अस्वस्थ होने की सूचना पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और समर्थक अस्पताल पहुंचे थे। उनका हाल चाल लिया। उल्लेखनीय है कि विष्णु दयाल राम वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार पलामू से सांसद हैं।

Spread the love