Eksandeshlive Desk
इस्लामाबाद : मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में गंभीर सैन्य संघर्ष और तनाव की स्थिति के बीच पाकिस्तान ने 156 उड़ानें रद्द कर दी हैं। अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत से तनाव और बढ़ गया है। ईरान जवाब में इजराइल और खाड़ी देशों (यूएई, कतर, बहरीन, कुवैत) में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। दुबई के बुर्ज अल अरब होटल और पाम जुमेराह जैसे इलाकों में भी धमाकों खबरें मिली हैं। दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान से मिडिल ईस्ट जाने वाली अलग-अलग एयरलाइंस की कम से कम 156 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।
खाड़ी देशों में तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल
सूत्रों के मुताबिक, अल्लामा इकबाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुल 22 और इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 18 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। इससे बड़ी संख्या में यात्री फंस गए हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि मुल्तान, सियालकोट, पेशावर और क्वेटा के एयरपोर्ट से मिडिल ईस्ट के देशों के लिए जाने वाली कई फ्लाइट्स भी कैंसिल कर दी गईं। इसके अलावा, जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मिडिल ईस्ट के अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाली कई फ्लाइट्स को दिन भर के लिए रोक दिया गया। सुरक्षा कारणों से मिडिल ईस्ट के कई देशों के एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) को बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया, इतिहाद और इंडिगो सहित कई वैश्विक एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने इस स्थिति को अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए “गंभीर खतरा” बताया है। खाड़ी देशों में तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल आया है। मिडिल ईस्ट में 17 देश हैं, जिनमें मुख्य रूप से सऊदी अरब, ईरान, इजरायल, इराक, तुर्किये, मिस्र और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) प्रमुख हैं।
खाड़ी देशों की तरफ जाने वाली उड़ानें रद्द, सैकड़ों यात्री नेपाल हवाईअड्डे पर फंसे
काठमांडू : मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव का असर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टीआईए) के संचालन पर भी पड़ा है, जिसके कारण सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। खाड़ी क्षेत्र के कई हवाई अड्डों शारजाह, दोहा, दुबई, कुवैत सिटी, अबू धाबी और दमाम में संचालन निलंबित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके परिणामस्वरूप रविवार को काठमांडू से प्रस्थान और आगमन करने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। शनिवार से ही यात्री हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं और रविवार सुबह कई यात्रियों को असमंजस की स्थिति में प्रतीक्षा करते देखा गया। टर्मिनल परिसर में विभिन्न स्थानों पर उड़ान रद्द होने की सूचनाएं चस्पा की गई हैं। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से जारी सूचना के अनुसार अगले आदेश तक कतर एयर, फ्लाई दुबई, एमिरेट्स एयर, कुवैत एयर, एयर अरेबिया सहित नेपाल से खाड़ी देशों में जाने वाले हिमालयन एयरलाइंस और नेपाल एयरलाइंस की उड़ाने भी रद्द की गई है।
