Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली/कोलकाता/बेंगलुरु : ईरान, इजरायल और अमेरिका के टकराव से मध्य-पूर्व में मची अफरा-तफरी का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। एयर इंडिया, इंडिगो सहित कई एयरलाइंस कंपनियों ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एक दिन पहले 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से रविवार को भारत में 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं थीं। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट ने सोमवार को ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में लिखा, “मध्यपूर्व में बदलते राजनीतिक हालात की वजह से पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में रुकावटें आ रही हैं और उनके शेड्यूल में बदलाव हो रहे हैं।” वहीं, कई उड़ानें रद्द होने के कारण आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्री फंसे हुए हैं। उधर, कई उड़ानें रद्द होने से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं। एयर इंडिया ने क्षेत्र की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए मध्य पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दीं हैं। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर जारी एडवाइजरी में कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोपरि है। इंडिगो ने मध्य पूर्व के लिए सभी उड़ानें रात 12 बजे तक रद्द कर दीं हैं। हवाई क्षेत्र पर जारी प्रतिबंधों के कारण 2 और 3 मार्च को इंडिगो की कुल 203 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताया। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने से रविवार को भारत में 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। मुंबई हवाई अड्डे पर 125 और दिल्ली हवाई अड्डे पर 100 उड़ान रद्द हुईं। अमृतसर हवाई अड्डे पर भी 10 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें दुबई, दोहा और शारजाह रूट पर कतर एयरवेज, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और इंडिगो की फ्लाइट्स शामिल हैं। इसके अलावा देश के कई अन्य शहरों से उड़ानें रद्द हुईं थी।
दमदम हवाई अड्डे से पश्चिम एशिया के लिए 20 उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। सोमवार को कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दमदम से पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों के लिए जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। कुल पांच विमान कंपनियों की 20 उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रद्द की गई उड़ानों में एमिरेट्स की आठ, कतर एयरवेज की चार, इतिहाद एयरवेज की चार, एयर अरबिया की दो और फ्लाई दुबई की दो उड़ानें शामिल हैं। इन उड़ानों के रद्द होने से दुबई, दोहा और अबू धाबी जाने वाले यात्रियों की यात्राएं प्रभावित हुई हैं। पश्चिम एशिया के प्रमुख हवाई अड्डे, विशेषकर दुबई जैसे शहर, अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के लिए महत्वपूर्ण ट्रांजिट केंद्र माने जाते हैं। भारत से यूरोप और अमेरिका जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री इन्हीं हवाई अड्डों के रास्ते यात्रा करते हैं। कोलकाता से भी नियमित रूप से इन केंद्रों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन मौजूदा तनावपूर्ण हालात के कारण सेवाएं बाधित हो गई हैं। केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई के हवाई अड्डों से भी पश्चिम एशिया के लिए कई उड़ानें रद्द की गई हैं। पश्चिम में बढ़ते तनाव के कारण कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं। इस स्थिति के कारण जहां भारत से जाने वाले यात्री अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में फंसे भारतीय भी वीजा और वापसी को लेकर चिंतित हैं। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की सुरक्षा मामलों की समिति की बैठक में चर्चा की गई, जिसमें विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के उपायों पर विचार किया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत में मौजूद विदेशी नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि वीजा अवधि बढ़ाने और भारत में उनके ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मध्य-पूर्व में तनाव के चलते बेंगलुरु से 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
ईरान और इजराइल के बीच युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए मध्य-पूर्व के हवाई क्षेत्र में उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से संचालित होने वाली कुल 22 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु से प्रस्थान करने वाली 10 उड़ानें तथा विदेश से आने वाली 12 उड़ानें रद्द की गई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि युद्ध की स्थिति के कारण कुछ हवाई अड्डों के बंद होने से यह निर्णय लिया गया है। उन्हाेंने बताया कि अबू धाबी, जेद्दा, दोहा, दुबई और बहरीन मार्गों पर उड़ान सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। इन मार्गों पर परिचालन करने वाली प्रमुख एयरलाइंस जैसे एयर इंडिया, एमिरेट्स, इंडिगो और कतर एयरवेज ने अस्थायी रूप से अपनी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। रद्द उड़ानों के यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों को टिकट पुनर्निर्धारण या पूर्ण धनवापसी का विकल्प दे रही हैं। इसके लिए एसएमएस और ईमेल के माध्यम से यात्रियों को सूचना भेजी जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि किए बिना हवाई अड्डे पर न पहुंचें। सोशल मीडिया और हेल्प डेस्क के जरिए लगातार अपडेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मध्य पूर्व में हालात सामान्य होने तक अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर व्यवधान जारी रहने की संभावना जताई गई है।
