खरिकाबाद फायरिंग कांड: 12 नामजद समेत अन्य पर केस, पवन दास को भेजा गया जेल

Crime Ek Sandesh Live

RAJU CHAUHAN

केंदुआ/धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंदूडीह ओपी के खरिकाबाद में सड़क हादसे के बाद मंगलवार रात हुई हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद गोंदूडीह ओपी पुलिस ने अन्य थानों के सहयोग से देर रात तक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिनमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि पवन दास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बसेरिया निवासी संजीत कुमार, राजू यादव, शिवकुमार यादव, विजय यादव, योगेन्द्र यादव, नुनु यादव, अमित यादव, पंकज यादव, आकाश यादव, मोनू रवानी, राहुल रवानी और पवन दास को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा एक अज्ञात समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गोंदूडीह ओपी के एएसआई विलियम पन्ना के फर्द बयान के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 191(2), 193(3), 190, 109(1), 115(2), 125(ए), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए, 26, 27, 28 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार एएसआई विलियम पन्ना संध्या गश्त पर थे, तभी उन्हें खरिकाबाद में गोलीबारी की सूचना मिली। जांच के दौरान पता चला कि दो स्कॉर्पियो वाहन—जेएच 09 बीए 1755 (संजीत कुमार) और जेएच 10 सीवाई 7023 (राजू यादव)—से सभी आरोपी एमपीएल की बंद कोयला ट्रांसपोर्टिंग को चालू कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि ट्रांसपोर्टिंग हाईवा से धक्का लगने से घायल हुए व्यक्ति को मुआवजा देने और दूसरे मार्ग से कोयला परिवहन कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने के लिए स्थानीय लोगों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।

फर्द बयान के अनुसार संजीत यादव और राजू यादव ने ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने के लिए गोली चलवाने की बात कही। इसके बाद संजीत यादव के कहने पर नुनु यादव ने चार राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दो स्कॉर्पियो से आए सभी आरोपी पत्थरबाजी करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Spread the love