पीएम और अबुआ आवास को लेकर जिला प्रशासन सख्त, एसडीओ ने दिया कई दिशा- निर्देश
अशोक अनन्त
हंटरगंज/चतरा: प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में बुधवार को चतरा अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम की अध्यक्षता में आवास सप्ताह को लेकर समीक्षा बैठक हुई। एसडीओ ने कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में आवास योजना में गति लाने की कवायद के लिए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाभुक पहली किस्त की राशि लेकर भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ करायें, लाभार्थियों की लंबित दूसरी और तीसरी किस्तें तत्काल जारी कर एक सप्ताह के भीतर सभी अधूरे आवासों को हर हाल में पूर्ण करा लिया जाए। एसडीओ ने सभी मुखिया, पंचायत सचिव और पंचायत सहायक को चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में अधूरे आवासों की शत-प्रतिशत पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा गया, आगे उन्होंने कहा कि समय पर आवास पूर्ण नहीं हुई तो दी हुई राशि वापस कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दिनकर कुमार सिंह, प्रखंड के कई कर्मी व अधिकारी, मुखिया, पंचायत सचिव पंचायत सहायक सहित कई कर्मी उपस्थित थे।
