पश्चिम एशिया सैन्य संघर्ष : इजराइल पर ईरान और हिजबुल्लाह का हवाई हमला, कुवैत में बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ठप

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेल अवीव/कुवैत सिटी/मस्कट : पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान और लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने मंगलवार को इजराइल के अलग-अलग शहरों पर हवाई हमला किया। इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर ईरानी हमले में चार लोग घायल हो गए। कुवैत में इंटरसेप्शन के मलबे के कारण मंगलवार सुबह बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ठप हो गई हैं। इस मलबे का प्रभाव सात ओवरहेड पावर लाइनों पर पड़ा है। बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि इसके कारण कुछ इलाकों में बिजली की आंशिक कटौती की गई है। इस बीच, अमेरिकी दूतावास ने ओमान में “शेल्टर इन प्लेस” यानी जहां हैं वहीं सुरक्षित रहने की एडवाइजरी जारी की है। यह चेतावनी पूरे देश के लिए दी गई है, हालांकि “चल रही गतिविधियों” के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी गई।

हिजबुल्लाह ने हाइफ़ा बे इलाके पर 30 रॉकेट दागे : तेल अवीव की मेडिकल टीम ने कहा है कि आज सुबह राजधानी में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल गिरने की जगह पर उन्होंने चार लोगों का इलाज किया, लेकिन उनमें से किसी को भी अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल टीम ने कहा, “जैसे ही हमें मिसाइल गिरने की खबर मिली, हमने बड़ी संख्या में अपनी टीमें भेजीं। हमने वहां तबाही, धुआं और अफरा-तफरी देखी। हमने तलाशी अभियान शुरू किया। चार घायल लोग मामूली चोटों के साथ इधर-उधर घूम रहे थे और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी।” ईरान समर्थक समूह हिजबुल्लाह ने मंगलवार को हाइफ़ा बे इलाके पर करीब 30 रॉकेट दागे। इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज के अनुसार ज्यदातार रॉकेटों को हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रोक लिया गया। अभी तक रिहायशी इलाकों में रॉकेटों के गिरने की कोई सूचना नहीं है। एक्रे और हाइफ़ा के क्रायोट उपनगरों में सायरन बजे थे। यह जरूर है कि रॉकेट हमले के समय एकर-एकर और हाइफा के क्रायोट उपनगरों में सायरन बजे।

कुवैत में इंटरसेप्शन का मलबा गिरा : अनादोलु एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार एयर डिफेंस सिस्टम के इंटरसेप्शन ऑपरेशन के दौरान गिरे मलबे से भारी नुकसान हुआ है। इससे सबसे अधिक बिजली विभाग को क्षति हुई है। बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने एक्स पर कहा कि इसके कारण कुछ इलाकों में बिजली की आंशिक कटौती हुई। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं। मंत्रालय ने बताया कि जैसे ही सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से साइटें सुरक्षित हो जाएंगी, विशेष तकनीकी टीमें अपना काम शुरू कर देंगी। इन टीमों का काम नुकसान का आकलन करना और सुरक्षा व संरक्षा के उच्चतम मानकों के अनुसार प्रभावित लाइनों की मरम्मत करना होगा। जौहर हयात ने कहा कि आपातकालीन टीमें बिजली ग्रिड को प्रभावित करने वाली किसी भी समस्या से निपटने और सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं।

ओमान में अमेरिकी दूतावास की एडवाइजरी— “घर में सुरक्षित रहें” : अमेरिकी दूतावास ने अपने सुरक्षा अलर्ट में नागरिकों से कहा है कि वे अपने घर या किसी सुरक्षित इमारत में रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें। साथ ही, भोजन, पानी, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान का पर्याप्त भंडार रखने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि अगर किसी तरह का हमला होता है तो लोग मलबे या क्षतिग्रस्त स्थानों से दूर रहें और आधिकारिक सूचनाओं के लिए विश्वसनीय समाचार माध्यमों पर नजर बनाए रखें। इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने ओमान से गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने के निर्देश दिए थे। यह कदम ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल संघर्ष शुरू होने के कुछ दिनों बाद उठाया गया था। यह चेतावनी क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता और संभावित खतरों को देखते हुए जारी की गई है। इससे साफ है कि मौजूदा हालात में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के लिए सतर्क हैं।

Spread the love