ओरमांझी में ‘जननी यात्रा’ का शंखनाद: अब बांझपन अभिशाप नहीं,तकनीक बनेगी सहारा

360° Ek Sandesh Live Health

News by Mustaffa & Edit Sunil

पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने मोबाइल हॉस्पिटल का किया उद्घाटन; मुफ्त जाँच और विशेषज्ञ सलाह से लाभान्वित हुए ग्रामीण

मेसरा (रांची): बांझपन अब कोई सामाजिक अभिशाप नहीं,बल्कि एक ऐसी स्थिति है जिसे सही समय पर इलाज और तकनीक के माध्यम से दूर किया जा सकता है। इसी संदेश के साथ ओएसिस फर्टिलिटी की ‘जननी यात्रा’ बुधवार को ओरमांझी पहुंची। अंचल मैदान में आयोजित इस भव्य जागरूकता शिविर सह मोबाइल हॉस्पिटल का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने फीता काटकर किया। ​उद्घाटन के दौरान पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा,स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे नए आविष्कारों,विशेषकर आईवीएफ तकनीक ने गरीब परिवारों की महिलाओं के लिए भी माँ बनने के सपने को साकार करना आसान कर दिया है। जागरूकता ही हर बीमारी का सबसे बड़ा समाधान है। ​विशिष्ट अतिथि और न्यू लाइफ हॉस्पिटल के मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. धनेश कुमार ने बांझपन से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला लंबे समय से गर्भधारण नहीं कर पा रही है,तो उन्हें घबराने के बजाय समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। सही समय पर की गई जाँच से समस्या का मूल कारण पता चलता है और सटीक इलाज संभव होता है। ​जननी यात्रा के केंद्र अधीक्षक स्वप्निल श्रेष्ठ राय ने बताया कि यह अभियान अब तक सात राज्यों (आंध्र प्रदेश,तेलंगाना,तमिलनाडु,कर्नाटक,महाराष्ट्र,ओडिशा और छत्तीसगढ़) में हजारों दंपतियों को नई उम्मीद दे चुका है। शिविर में ग्रामीणों को निम्नलिखित सुविधाएँ निःशुल्क प्रदान की गईं,फर्टिलिटी विशेषज्ञों द्वारा सीधी बातचीत। एएमएच,हीमोग्लोबिन और सीमेन एनालिसिस। अत्याधुनिक मोबाइल लैब के जरिए सुरक्षित सैंपल कलेक्शन। ​संस्था की फाउंडर डॉ. दुर्गा राव ने अपने संदेश में कहा कि आजकल देर से शादी,खान-पान और बदलती जीवनशैली के कारण प्रजनन क्षमता प्रभावित हो रही है। ओएसिस जननी यात्रा का लक्ष्य घर-घर जाकर सही वैज्ञानिक जानकारी पहुँचाना है ताकि कोई भी दंपति जानकारी के अभाव में माता-पिता बनने के सुख से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य एस. देवी,डॉ. धनेश कुमार,डॉ. स्वप्निल श्रेष्ठ राय,पूजा उपाध्यक्ष,विवेक रंजन,बबलू राणा,रितु रजनी,सुप्रीति,शिवानी एक्का,सरिन कुमार और विशेश्वर महतो सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love