Eksandeshlive Desk
धनबाद: कोयला नगरी धनबाद के पुटकी/मुनीडीह क्षेत्र में हुई दर्दनाक घटना को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जानकारी में इसे गैस सिलेंडर विस्फोट बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा बंद पड़े पावर प्लांट में गैस पाइप कटने से हुए जहरीले गैस रिसाव का परिणाम है। बताया जा रहा है कि बीती रात आधा दर्जन से अधिक लोग बंद पड़े पावर प्लांट में लोहा चोरी करने की नीयत से घुसे थे। गैस कटर से लोहा काटने के दौरान गलती से गैस पाइप ही कट गया, जिससे तेजी से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों का दम घुटने लगा व अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य संजय यादव व मो. अजहरुद्दीन की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं मो. अब्राहिम व मो. इमामुद्दीन का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत की पुष्टि हुई। संजय यादव के परिजनों के अनुसार, वह रात में घर लौटे तो सांस फूलना, खांसी व बेचैनी की शिकायत कर रहे थे। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे, कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरों के खिलाफ पुटकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है व पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस रिसाव की चपेट में आने से कुछ सीआईएसएफ के जवानों की तबीयत भी बिगड़ी थी, हालांकि इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य है। पुलिस के अनुसार, चोरी करने आए लोग पुटकी व केंदुआडीह क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की ओर से गैस रिसाव को नियंत्रित करने का काम जारी है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है व घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
