मोरहाबादी मैदान से मेन रोड तक निकाला जाएगा आक्रोश मार्च
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अदित्य साहू की अध्यक्षता में रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अप्रैल को रांची में भाजपा के बैनर तले बड़ा आक्रोश मार्च निकलेगा। यह आक्रोश मार्च मोरहाबादी मैदान से मेन रोड तक आयोजित है। इस कार्यक्रम में रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा जिले से हजारों की संख्या में माता बहनें शामिल होंगी। बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के दलों पर बड़ा निशाना साधा। श्री साहू ने कहा कि कहा कि संसद में पेश महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सांसदों ने देश की महिला शक्ति के साथ घोर अन्याय किया है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास पुराना है।जब कभी अवसर आया है कांग्रेस पार्टी ने नारी शक्ति को कुचलने में ताकत लगाई है। उन्होंने कहा कि संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। कहा कि इस महिला विरोधी चरित्र के कारण देश भर में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ नारी शक्ति में आक्रोश व्याप्त है। बहनें सड़कों पर उतरकर कांग्रेस पार्टी का विरोध कर रही है।
