Eksandeshlive Desk
पीरपैंती : राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत सरकारी रेफरल अस्पताल, पीरपैंती में अदाणी पावर, पीरपैंती के सेफ्टी एवं सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाइव फायर डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपायों और त्वरित प्रतिक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में अदाणी पावर प्लांट के सेफ्टी विभाग और सीएसआर विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में सरपंच संघ के अध्यक्ष बरुण गोस्वामी, बीस सूत्री अध्यक्ष हरेराम शर्मा, रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. छोटेलाल सहित अस्पताल प्रशासन, स्टाफ और स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना, उनमें जागरूकता बढ़ाना तथा आत्मविश्वास का विकास करना था। कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों ने सराहा और सेफ्टी टीम द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की सराहना की।
