by Sunil
रांची : अनगड़ा-हुंडरू फॉल मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खंभावन के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार 6 लोग घायल हो गए। इस घटना में एक शिक्षिका और कई छोटे स्कूली बच्चे भी शामिल हैं, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया है।हादसे में 25 वर्षीय शिक्षिका बिंदो कुमारी समेत कई बच्चे घायल हुए हैं. घायलों में 8 वर्षीय दूर्गा बेदिया, 8 वर्षीय लक्ष्मण बेदिया और 9 वर्षीय सुमन कुमारी का नाम शामिल है। सभी बच्चे ज्ञान मंदिर नवागढ़ के छात्र बताए जा रहे हैं।अचानक हुए इस हादसे से बच्चों में दहशत फैल गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनगड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति का आकलन किया।डॉक्टरों ने शिक्षिका और तीन बच्चों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. फिलहाल सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ इलाज की व्यवस्था की है।
