कुदरत का कहर: ट्यूशन जा रही दो मासूमों पर गिरा विशाल पेड़,हालत गंभीर

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

​मेसरा (रांची) : बुधवार दोपहर में आए अचानक मौसम के बदलाव ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ओरमांझी थाना क्षेत्र के कुकुई गांव में हल्की बारिश और आंधी के दौरान एक वर्षों पुराना विशालकाय पेड़ गिर गया,जिसकी चपेट में आने से दो स्कूली छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में बालेश्वर महतो की पुत्री रूची कुमारी (13 वर्ष) और कांग्रेस नेता तुलसी खरवार की भांजी परी कुमारी (10 वर्ष) शामिल हैं। मिली ​जानकारी के अनुसार,विद्या मेमोरियल पब्लिक स्कूल की छात्राएं रूची (कक्षा तीन) और परी (कक्षा एक) हर दिन की तरह दोपहर करीब 2:30 बजे पैदल ही ट्यूशन के लिए घर से निकली थीं। अभी वे गांव के रास्ते में ही थीं कि अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि बच्चियां खुद को संभाल पातीं,रास्ते के किनारे खड़ा एक पुराना विशाल पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। ​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पेड़ की टहनियां इतनी भारी थीं कि बच्चियां पूरी तरह दब चुकी थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुल्हाड़ी से पेड़ को काटा और बांस-बल्ली के सहारे घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मासूमों को बाहर निकाला। दोनों बच्चियों को आनन-फानन में मेदांता अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च संस्थानों में रेफर कर दिया गया। ​परी कुमारी,देव कमल अस्पताल,रांची में भर्ती। ​रूची कुमारी रिम्स,बरियातू में उपचाराधीन है। स्वजनों के अनुसार,पेड़ के नीचे दबने से बच्चियों को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। ​प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण उसके ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार भी टूट गए हैं। इस वजह से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। घटना के बाद से गांव में मातम और डर का माहौल है। एक तरफ मौसम की मार और दूसरी तरफ जर्जर पेड़ों का खतरा,मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ा।

Spread the love