Eksandeshlive Desk
चेन्नई : चेन्नई के पनैयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से विजय को तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के विधानसभा दल का नेता चुन लिया है। विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद टीवीके सरकार बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही यह लगभग तय माना जा रहा है कि विजय ही मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
टीवीके 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी : तमिलनाडु में 23 तारीख को एक ही चरण में मतदान हुआ था और मतगणना के बाद जैसे-जैसे नतीजे सामने आए, टीवीके लगातार बढ़त बनाती रही। अंततः पार्टी 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है, जबकि टीवीके फिलहाल इस आंकड़े से पीछे है। इसके बावजूद विजय जल्द ही राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। सरकार गठन के बाद विजय को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। इसके लिए टीवीके को अभी कम से कम 10 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम गठबंधन के कुछ दलों, जैसे कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों के साथ ही अखिल भारतीय द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) गठबंधन में शामिल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) जैसे दलों का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो विजय के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार का गठन जल्द संभव हो सकता है।
तमिलनाडु के राज्यपाल ने स्वीकार किया मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन का इस्तीफा : तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनसे नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बने रहने का अनुरोध किया है। विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) की हार के बाद स्टालिन ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राज्यपाल ने मंगलवार को मंजूरी दे दी। दरअसल, राज्य में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना 4 मई को पूरी हुई। इस चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी अभिनेता से रजनेता बने विजय की तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। वहीं, द्रमुक गठबंधन इस चुनाव में केवल 73 सीटों पर सिमट गया और अब उसे विपक्ष में बैठना होगा। दूसरी ओर अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) गठबंधन ने 53 सीटें जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया है।
