भाजपा ने अमित शाह को पश्चिम बंगाल में, नड्डा को असम में केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को असम में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक दलों के नेताओं के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने मंगलवार को बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए गृहमंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को असम में विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने पहली बार 294 सीटों में से 206 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की है और असम में लगातार तीसरी बार भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने करीब तीन चौथाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है।

पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण नौ मई को : पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं और शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी है कि राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण आगामी नौ मई को किया जायेगा। हालांकि मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। मंगलवार सुबह मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष भट्टाचार्य ने बताया कि नौ मई का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उस दिन कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध रही है। राजाराम मोहन राय, सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवीन्द्रनाथ जैसी महान हस्तियों की यह भूमि है। राज्य की इसी गरिमा और पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में नई सरकार काम करेगी। सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहेंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केन्द्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। बंगाल में भाजपा ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है।

Spread the love