टाटा स्टील कर्मचारियों को एसबीआई देगा 1.10 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर

Business

टाटा स्टील और एसबीआई के बीच हुआ एमओयू

Eksandeshlive Desk

रांची: टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच कर्मचारियों के वेतन खाते और वेतन पैकेज सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील परिसर में हुए इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग, बीमा और वित्तीय सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। एमओयू के तहत टाटा स्टील के स्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ पात्र संविदा कर्मियों को भी एसबीआई के वेतन पैकेज की सुविधाओं से जोड़ने की पहल की गई है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

1.10 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा: एसबीआई के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत वेतन स्लैब, खाता वैरिएंट और पात्रता के आधार पर अधिकतम 1.10 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध होगा। इसमें एक करोड़ रुपये तक का मुख्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड के माध्यम से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा शामिल है। अलग-अलग वेतन पैकेज के अनुसार बीमा राशि और अन्य सुविधाएं अलग हो सकती हैं। निर्धारित वेतन पैकेज के तहत इन सुविधाओं के लिए कर्मचारियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा बीमा कवर: एसबीआई रिश्ते खाते के गोल्ड और उससे ऊपर के वैरिएंट के तहत कर्मचारी के परिवार के अधिकतम चार सदस्यों को पांच-पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मिल सकता है। इस तरह परिवार के लिए कुल 20 लाख रुपये तक का कवर उपलब्ध होगा। इसके अलावा दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु होने की स्थिति में बच्चों की स्नातक स्तर तक उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त कवर तथा अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए पांच-पांच लाख रुपये यानी कुल 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। ये सुविधाएं निर्धारित नियमों और पात्रता के अधीन होंगी। वेतन पैकेज में वायु दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण या आंशिक दिव्यांगता कवर, स्वास्थ्य बीमा में बेस कवर एवं सुपर टॉप-अप, एयरपोर्ट लाउंज, यात्रा लाभ, ओटीटी, स्वास्थ्य जांच, जिम, स्पा, गोल्फ, फिल्म टिकट समेत अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी शामिल हैं।

एसबीआई ने कर्मचारी कल्याण को बताया प्राथमिकता: एसबीआई के महाप्रबंधक एवं झारखंड राज्य प्रमुख बेनुधर पाढ़ी ने कहा कि टाटा स्टील के साथ बैंक का संबंध लंबे समय से मजबूत और विश्वसनीय रहा है। उन्होंने कहा कि एमओयू के जरिए अब पात्र संविदा कर्मियों तक भी वेतन पैकेज की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बैंक का प्रयास है कि कर्मचारियों को वेतन खाते के साथ दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य उपयोगी बैंकिंग सुविधाएं बिना अतिरिक्त शुल्क उपलब्ध कराई जाएं।

एमओयू पर इन अधिकारियों ने किए हस्ताक्षर: समझौता ज्ञापन पर टाटा स्टील की ओर से उपाध्यक्ष, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्थिरता राजीव मंगल तथा एसबीआई की ओर से प्रशासनिक कार्यालय, रांची के उप महाप्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई के उप महाप्रबंधक आलोक कुमार, उप महाप्रबंधक पंकज झा, मुख्य प्रबंधक एवं कॉरपोरेट सैलरी पैकेज टीम लीडर विकास पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक जमशेदपुर कन्हैया कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टाटा स्टील की ओर से सीएचआरओ जुबिन पालिया समेत वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Spread the love