डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में तृतीय दीक्षांत समारोह के पंजीकरण के लिए पोर्टल पर आवेदन जारी

Education

Eksandeshlive Desk

रांची : आगामी 26 सितंबर 2026 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची का तीसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके संदर्भित विभिन्न कमेटियों का गठन कर आयोजन से संबंधित तैयारियां शुरू कर दी है। दीक्षांत के आयोजन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक में मंगलवार को कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि वैसे तो आगामी दीक्षांत समारोह के आयोजन से संबंधित सभी पहलू महत्वपूर्ण है और उनपर सूक्ष्मता से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, लेकिन यह आयोजन पूरे तौर पर विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण हो चुके वैसे विद्यार्थियों के लिए हैं जो उस विशिष्ट अवसर और दिवस पर अपनी अकादमिक डिग्री प्राप्त कर उसे स्मृति में संजोना चाहते है, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस दीक्षांत समारोह के आयोजन की शुरुआती प्रक्रिया विद्यार्थियों के डिग्री पंजीकरण के लिए किए जा रहे आवेदन से ही शुरू की है।

कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि मैं पुनः विद्यार्थियों को स्मरण दिलाता चाहता हूं कि आगामी 26 सितंबर 2026 का उपाधि वितरण समारोह अकादमिक सत्र, 2022 से 2025 के स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए और अकादमिक सत्र, 2023 से 2025 और 2024 से 2026 के स्नातकोत्तर उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए ही होगा। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के बीएड पाठ्यक्रम के सत्र, 2023 से 2025 और सत्र 2024 से 2026 के विद्यार्थियों को भी उपरोक्त दीक्षांत समारोह में उपाधि प्रदान की जाएगी। एक अन्य श्रेणी में विश्वविद्यालय में पंजीकृत पीएचडी अध्ययनरत वैसे शोधार्थी, जिनके पीएचडी परीक्षा के अंतिम परिणाम आगामी 31 अगस्त 2026 तक प्रकाशित होंगे, वह भी इसमें उपाधि प्राप्ति हेतु आवेदन कर सकते हैं। कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि उपरोक्त चारों श्रेणी में आनेवाले सभी विद्यार्थियों को उपाधि वितरण समारोह में पंजीकरण के लिए सर्वप्रथम विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जाकर स्वयं को ऑनलाइन पंजीकृत करना होगा और ऑनलाइन मोड में ही रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर कर ऑनलाइन ही रजिस्ट्रेशन की राशि भुगतान करनी होगी। उन्होंने आगे कहा कि आवेदन संबंधित पूरी प्रक्रिया के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल 22 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक ही क्रियान्वयन में रहेगा, अतः विद्यार्थियों के हित में है कि वह निर्धारित अवधि के अंदर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। आवेदन प्रक्रिया के संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार के अनुसार पंजीयन के लिए आवेदन करने से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि यह विद्यार्थियों के हित में है कि वे ऑनलाइन जेनरेट किया गया चालान भविष्य में इसे इस्तेमाल के लिए रखें। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

Spread the love