By Nutan
लोहरदगा: नालसा नई दिल्ली और झालसा रांची के निर्देशानुसार व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा लोहरदगा राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गई है। जिसके तहत मंगलवार को पीडीजे सह अध्यक्ष डालसा ने जागरूकता एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एडीजे प्रथम स्वयंभू, सीजेएम केके मिश्रा, डालसा सचिव मनोरंजन कुमार, रजिस्टार व्यवहार न्यायालय अमित कुमार, जया स्मिता कुजूर सिविल जज जूनियर डिवीजन सह पीएमजेजेबी, लोक अभियोजक भरत राम, एलएडीसीएस के अधिवक्ता, मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। वहीं डालसा सचिव ने कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आमजन को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गहन कानूनी जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, महिला-बाल अधिकार, साइबर अपराध, नशा मुक्त, विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। वहीं एलईडी वैन गांव-गांव घूमकर लघु फिल्मों और ऑडियो वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगी। ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें और जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि जागरूकता वैन के साथ पीएलवी भी उपस्थित रहेंगे। जो जागरूकता कार्यक्रम में अपनी उपस्थित दर्ज करते हुए लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे।
