By Mustaffa
मेसरा (रांची): भक्ति,शक्ति और श्रद्धा के अद्भुत संगम के साथ रविवार को ओरमांझी के नवनिर्मित प्राचीन महावीर मंदिर में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का भव्य आगाज हुआ। इस पावन अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 501 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और महावीरी पताकों के साथ मुख्य मार्ग होते हुए डोमा नदी जलाशय पहुँची। यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम,माता जानकी और संकटमोचन हनुमान की जीवंत झांकियां रहीं,जिन्हें देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरे रास्ते ‘जय श्रीराम’ और ‘वीर बजरंगी’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। अयोध्या से पधारे सुप्रसिद्ध आचार्य पंडित श्री रमोज जी वत्स एवं अन्य वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चारण के साथ डोमा नदी के तट पर विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद महिलाओं ने कलश में पवित्र जल भरा। आचार्य श्री वत्स ने इस अवसर पर कहा,जल कलश यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं,बल्कि हमारे पूर्वजों और माता-पिता के पुण्य कर्मों का प्रतिफल है। ऐसे आध्यात्मिक अवसर सौभाग्यशाली लोगों को ही प्राप्त होते हैं। कलश यात्रा में मुख्य रूप से शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों में मातृशक्ति की भारी भागीदारी इसकी गरिमा को बढ़ाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। इस भव्य आयोजन में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन,जिप सदस्य एस देवी,पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू,पूर्व जिला अध्यक्ष जैलेंद्र कुमार,रणधीर चौधरी,आरती कुजूर समेत आयोजन समिति के अध्यक्ष आनंद मेहता,सचिव पंकज महतो और कोषाध्यक्ष मोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
