​स्टेट टॉपर प्रेम कुमार साहू को मिला 11 हजार का नकद पुरस्कार,अभिभावक भी हुए सम्मानित

360° Ek Sandesh Live

प्रेमचंद उच्च विद्यालय के सात मेधावियों का भव्य अभिनंदन

Mustaffra

​मेसरा (राँची): झारखंड माध्यमिक बोर्ड परीक्षा 2026 में सफलता का परचम लहराने वाले प्रेमचंद उच्च विद्यालय,मेसरा के छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार का दिन उत्सव जैसा रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राज्य के गौरव बने प्रेम कुमार साहू (99.60%) और उनके साथ छह अन्य मेधावियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस बार एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी मंच पर सम्मानित कर समाज को बड़ा संदेश दिया। ​समारोह के मुख्य आकर्षण रहे स्टेट टॉपर प्रेम कुमार साहू,जिन्हें विद्यालय की ओर से 11,000(ग्यारह हजार) रुपये नकद,स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। इसके अलावा अन्य छ्ह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। जिसमें सम्मानित होने वाले ​कुमार सत्यजीत 97.80%,​नैतिक कुमार केसरी 94.40%,​मनीषा कुमारी 93.60%,​कंचन कुमारी 93.40%,​अंजलि कुमारी 92.40%,​स्वाति कुमारी 92.00% जैसे मेधावी छात्र-छात्राओं के नाम शामिल हैं। विद्यालय के प्राचार्य उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ माता-पिता का कठिन संघर्ष होता है। इसी को देखते हुए सभी सात मेधावियों के माता-पिता को विद्यालय ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह पूर्व प्रमुख प्रेमचंद महतो ने कहा,प्रेम कुमार साहू की ऐतिहासिक सफलता ने हमारे विद्यालय को झारखंड के शिखर पर पहुँचा दिया है। यह जीत शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के अनुशासन की जीत है। विद्यालय के सचिव सह जिला परिषद सदस्य ​संजय कुमार महतो ने कहा,ग्रामीण प्रतिभाओं ने यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक संकल्प की आवश्यकता होती है। ये बच्चे कल के भारत का गौरव हैं। मनन विद्या के अध्यक्ष​ मनरखन महतो ने कहा कि,इन सात कोहिनूर हीरों ने मेसरा की मिट्टी का मान बढ़ाया है। हमारी शुभकामना है कि शिक्षा का यह उजाला हर घर तक पहुँचे। प्रखंड प्रमुख ​सोमनाथ मुंडा ने कहा,बेटे और बेटियों की इस साझा सफलता ने समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। विद्यालय की यह पहल बच्चों के सपनों को उड़ान देगी। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष संतोष महतो,प्रेमचंद महतो इंटर कॉलेज प्राचार्य उमेश यादव,पंसस सूरज प्रकाश,केतकी देवी,मो. एहसान अंसारी समेत शिक्षक मो. सरवर आलम,राजवल्लभ प्रसाद,शशिकला देवी,राजमोहन महतो,नागेश्वर महतो,सुरेखा बड़ाइक,उर्मिला देवी,शाइस्ता रिजवाना,परशुराम महतो,यशोदा कुमारी,रजनी नंदी और श्रीकांत महतो मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Spread the love