By Ashok Anant
चतरा : जिले में पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता इन दिनों लगातार क्षेत्रीय दौरे पर हैं। चतरा समेत प्रतापपुर, कुंदा, लावालौंग, इटखोरी समेत विभिन्न प्रखंडों में पहुंचकर वे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शादी समारोहों में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं। पूर्व मंत्री के दौरे को लेकर ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक और सामाजिक हलचल बढ़ गई है। कई गांवों में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शादी समारोहों में पहुंचकर उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की और नवदंपत्ति को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उनसे मिलने पहुंचे। दौरे के क्रम में सत्यानंद भोक्ता लोगों की समस्याओं से भी रूबरू हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, राशन और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं को उनके सामने रखा। कई स्थानों पर लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ाने की मांग भी की। पूर्व मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व मंत्री लगातार गांवों में पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं, जिससे आम लोगों के बीच उनका जुड़ाव मजबूत बना हुआ है। वहीं राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियान से भी जोड़कर देख रहे हैं। लगातार क्षेत्र भ्रमण के कारण पूर्व मंत्री की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है। गांवों में उनके पहुंचने से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
