रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के वाणिज्य विभाग ने प्रबंधन शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर एक ज्ञानवर्धक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध उद्योग विशेषज्ञ श्री कुलदीप वर्मा, पूर्व अधिकारी, LG Electronics, तथा पूर्व संबद्ध संकाय सदस्य, भारतीय प्रबंधन संस्थान लखनऊ उपस्थित रहे। अपने व्याख्यान में श्री वर्मा ने प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि AI शिक्षण एवं अधिगम की पारंपरिक पद्धतियों को बदल रहा है और छात्रों में विश्लेषणात्मक सोच, निर्णय क्षमता तथा समस्या समाधान कौशल विकसित करने में सहायता कर रहा है। उन्होंने कहा कि शोध कार्य, डेटा विश्लेषण, रिपोर्ट लेखन तथा प्रस्तुति तैयार करने में AI आधारित उपकरण छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। श्री वर्मा ने AI के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी और व्यवसाय एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुप्रयोगों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि AI के बढ़ते उपयोग से डेटा एंट्री, नियमित विश्लेषण, ग्राहक सेवा और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े कई रोजगार क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं और भविष्य में इन क्षेत्रों में अवसरों में कमी आ सकती है।यह संगोष्ठी वाणिज्य विभाग के समन्वयक डॉ. जी. सी. बास्के के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम में आरएमएस बिज़नेस स्कूल, गुरुग्राम के चेयरमैन डॉ. सुभाष यादव तथा साईकृपा एजुकेशन, रांची के निदेशक गोपाल सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
