सीओ का प्रभार संभालते ही एक्शन में दिखे सीओ गौरव कुमार
अशोक अनन्त
चतरा: टंडवा अंचल का प्रभार संभालते ही सीओ गौरव कुमार प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। टंडवा बाजार स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा जमाने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। सीओ गौरव कुमार के निर्देश पर संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजा गया है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में व्यवस्था सुधार और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई जारी रही तो बाजार क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और सरकारी संपत्ति सुरक्षित रह सकेगी। सीओ गौरव कुमार की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। सीओ का प्रभार संभालते ही उनके सख्त तेवर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
