Eksandeshlive Desk
रांची : केंद्र सरकार की ओर से शनिवार को रांची और धनबाद में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित हुआ, जिसमें हजारों चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया और देशभर में 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भारी निवेश कर रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है और सरकार रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
रांची के सीसीएल दरभंगा हाउस स्थित सभागार में आयोजित रोजगार मेला में 132 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची के विधायक सीपी सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री का ऑनलाइन संबोधन भी सुना। नियुक्ति पत्र मिलते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी को रेलवे में सहायक लोको पायलट के रूप में चयन मिला, तो किसी को अन्य सरकारी विभागों में सेवा का अवसर प्राप्त हुआ। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस मौके पर कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब तक 12.30 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मेलों के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। चक्रधरपुर रेल डिवीजन में चयनित सृष्टि ने कहा कि कठिन परिश्रम और संघर्ष के बाद उन्हें यह सफलता मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया। वहीं गुमला की अंजलि ने कहा कि अब तक वह पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन अब उन्हें सरकारी सेवा का अवसर मिला है, जिसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगी।
इसी क्रम में धनबाद स्थित रेलवे ऑडिटोरियम में भी 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद ढुल्लू महतो और धनबाद विधायक राज सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस मौके पर कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि देशभर के 47 केंद्रों पर आयोजित इस मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
