रांची। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष व छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर 14 वीं संयुक्त असैनिक सेवा (जेपीएससी) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की सीबीआई या किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने तथा प्रस्तावित मुख्य परीक्षा स्थगित करने की मांग की। राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद लोकभवन के बाहर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि यह मामला केवल परीक्षा परिणाम का नहीं, बल्कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य, झारखंड लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिणाम बिना संवैधानिक सदस्यों के हस्ताक्षर जारी किया गया व श्रेणीवार कट-आॅफ अंक भी सार्वजनिक नहीं किए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल ओएमआर शीट की निष्पक्ष जांच, जांच पूरी होने तक 18, 19 व 20 जुलाई को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा स्थगित करने, अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र बनाने व तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की। देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि जेएलकेएम किसी राज्य या अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं को निष्पक्ष व न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया दिलाने की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला अध्यक्ष गुणा भगत, महानगर अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय सचिव विराट महतो व केंद्रीय संगठन महासचिव मनीष साहू शामिल थे।
