गारू । गारू प्रखंड कार्यालय परिसर से बिरसा कृषि रथ को प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार व अंचलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर मंगलवार को रवाना किया। यह रथ प्रखंड की सभी पंचायतों व सुदूर गांवों का भ्रमण कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों व सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देगा। रथ के माध्यम से आॅडियो संदेश, पोस्टर व प्रचार सामग्री के जरिए किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, समय पर बुवाई तथा फसल प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसानों तक राज्य सरकार व्कृषि विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें इनका अधिकतम लाभ दिलाना है। साथ ही किसानों को कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि से जुड़ी नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।बीडीओ अभय कुमार और सीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने किसानों से अपील की कि वे कृषि रथ के माध्यम से दी जा रही जानकारियों का लाभ उठाएं और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। इस अवसर पर थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, प्रखंड के कर्मचारी व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बिरसा कृषि रथ किसानों को जागरूक व आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
