रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, रांची के “मंथन” सभागार में कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह द्वारा सीआईएल के सीवीओ श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके पश्चात कोल इंडिया गीत प्रस्तुत किया गया।स्वागत भाषण देते हुए सीसीएल के सीवीओ पंकज कुमार ने श्री त्रिपाठी के सीसीएल आगमन पर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सीआईएल सीवीओ, मंत्रालय और कंपनी के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी “कोल इंडियंस” कॉरपोरेट लक्ष्यों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।अपने संबोधन में सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सीआईएल के सीवीओ का आभार व्यक्त करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीसीएल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वन भूमि स्वीकृति, नई खदानों के विकास तथा दशकों से बंद पड़ी खदानों को पुनः शुरू करने में मिली सफलता का उल्लेख किया।उन्होंने आईसीसीसी (ICCC) प्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोयला परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निगरानी को मजबूती मिली है तथा कोयला ढुलाई पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कोयला क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, कंपनी की वित्तीय उपलब्धियों, इको पार्क, सोलर पावर प्लांट, “सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली”, जेएसएसपीएस एवं माइंस टूरिज्म जैसी पहलों की जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने कोल क्वालिटी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सीसीएल को पूरे कोल इंडिया में प्राप्त अवार्ड की भी जानकारी दी।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी का “Reform-Transform-Perform-Inform” विषय पर मुख्य उद्बोधन रहा। उन्होंने कहा कि सभी “कोल इंडियंस” ही वास्तविक सतर्कता अधिकारी हैं। कोल इंडिया परिवार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था “जो जीता वही सिकंदर”, लेकिन आज समय है “जो जीता वही कोल इंडियंस” का। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “Integrity Promise” भी दिलाया।
