By Ajay Raj
प्रतापपुर (चतरा):ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को प्रतापपुर प्रखंड के कसमार गांव में विधिक जागरूकता सह जनसंपर्क शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा द्वारा 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत आयोजित किया गया।शिविर में अधिकार मित्र (पीएलवी) गोविंद ठाकुर, नरेश प्रजापति एवं संदीप कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।इस दौरान लोक अदालत, मध्यस्थता, नालसा योजनाओं एवं कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को आपसी विवादों के समाधान के लिए लोक अदालत और मध्यस्थता को बेहतर विकल्प बताते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका मौके पर समाधान किया गया। शिविर में संतोष तुरी, मुकेश कुमार, सनोज कुमार, बिरबल तुरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
