महिलाओं में नेतृत्व गुण बढ़ाना, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करना वैभवश्री का मुख्य उद्देश्य : मंजूषा देशमुख

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : सेवा भारती, झारखंड के स्वावलंबन आयाम वैभवश्री (स्वयं सहायता समूह) को आर्थिक क्षेत्र में विकसित करने के लिए शुक्रवार को एक योजना बैठक रांची के बिरसा चौक स्थित सेवा निकेतन में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी सह वैभवश्री विषय के राष्ट्रीय संयोजक पद्म कुमार ने कहा कि सेवा भारती के वैभवश्री की महिलाएं संगठनात्मक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त हुई हैं। साथ ही आर्थिक गतिविधियों में भी अग्रसर हो रही हैं। महिला समूह को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की योजना को मूर्त रुप देने की आवश्यकता है। अपने प्रदेश में वैभवश्री झारखंड फेडरेशन बनाने के लिए चिंतन करना है। झारखंड में वनोपज बहुतायत है। इसके उत्पाद जैसे-मुनगा, कटहल, जामुन, आंवला, महुआ आदि का संस्करण कर झारखंड का ब्रांड प्रोडक्ट बनाया जा सकता है। इसके उत्पाद थोक में बढ़ाएं तो पूरे देश में अच्छा बाजार उपलब्ध है।

बैठक में वैभवश्री झारखंड की प्रभारी मंजूषा देशमुख ने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व गुण बढ़ाना, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करना, राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव विकसित करना वैभवश्री का मुख्य उद्देश्य है। बैठक में राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा भारती के आयाम जागरण, सहयोग, प्रशिक्षण और अध्ययन के माध्यम से प्रांतीय सेवा संस्थाओं का मार्गदर्शन करती है। इस क्रम में सेवा भारती, झारखंड के द्वारा महिला समूह को आर्थिक रूप से समृद्ध करने को लेकर कल्पतरु स्वावलंबन योजना सफल प्रयोग हुआ है। इस बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, रमाकांत दुबे, एके सिन्हा, शुभेन्दू भट्ट, नाबार्ड के पूर्व एजीएम विजय चौधरी सहित महिला समूह की प्रमुख कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Spread the love