NEWS BY ASHOK ANANT
क्यों नहीं हो रहा सख्ती से नो इंट्री का पालन,प्रशासनिक विफलता का क्या है कारण
हंटरगंज (चतरा) हंटरगंज बाजार क्षेत्र को भीषण जाम से मुक्ति दिलाने और राहगीरों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन द्वारा लागू की गई ‘नो एंट्री’ व्यवस्था पूरी तरह मजाक बनकर रह गई है। चतरा-डोभी मुख्य पथ पर सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद, हंटरगंज थाना क्षेत्र के सोहाद से जोरी थाना क्षेत्र के मुरैनवा तक भारी वाहनों का परिचालन धड़ल्ले से जारी है। अनुमंडल प्रशासन के इन कागजी दावों की जमीनी हकीकत शनिवार दोपहर करीब 2 बजे उस वक्त फिर सामने आ गई, जब पाबंदी के बावजूद तीन बड़े हाईवा मुख्य बाजार में घुस गए। इसके कारण बाजार में लंबा जाम लग गया और सड़क पर चल रहे आम नागरिकों व कोचिंग से लौट रहे बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस लापरवाही को देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालकों को रोककर जमकर क्लास लगाई, हालांकि मौके पर मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और बड़ा बवाल होने से रोक लिया।
चंद रुपयों के स्वार्थ में पुलिस खेल रही जनता की जान से खेल, 13 दिन पहले हुई मौत से भी नहीं लिया सबक
स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों का सीधा आरोप है कि इस पूरी अव्यवस्था के पीछे स्थानीय पुलिस की कार्यशैली जिम्मेदार है। कुछ पुलिसकर्मी अपने निजी स्वार्थ और चंद रुपयों की खातिर यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे बेखौफ होकर हाईवा चालक नो-एंट्री में भी प्रवेश कर जाते हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि ये चालक पकड़े जाने के डर से बाजार के संकरे रास्तों में भी गाड़ियों को अत्यधिक तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं, जिससे राहगीर सहम जाते हैं। गौरतलब है कि महज 13 दिन पहले ही इसी हंटरगंज बाजार में एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी आक्रोश के बीच स्थानीय जनता के साथ बैठक की थी और सड़क सुरक्षा के कड़े वादे किए थे। लेकिन आज की स्थिति को देखकर साफ है कि वे वादे और नियम केवल फाइलों तक ही सीमित रह गए, धरातल पर सुरक्षा के नाम पर सिर्फ बैरियर और बोर्ड टांग दिए गए हैं, जिन पर नजर रखने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी वहां मौजूद नहीं रहता।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा, जनता को अब केवल नतीजों का इंतजार
सड़क पर उतरे इस जन-आक्रोश और पुलिस पर उठते सवालों के बीच हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि शनिवार को कुछ भारी वाहन नियम तोड़कर बाजार क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया है कि रविवार से इस मार्ग पर विशेष चौकसी बरती जाएगी और नो-एंट्री का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात लापरवाह चौकीदार के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने की बात भी कही है। अब देखना यह होगा कि थाना प्रभारी का यह दावा धरातल पर कितना उतरता है या फिर जनता को इसी तरह रोजाना हादसों के साए में जीने को मजबूर होना पड़ेगा।
