Reporting by भास्कर उपाध्याय
झंडा चौक पर फूटा जनाक्रोश, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठी मांग
कटकमदाग/हजारीबाग : थाना क्षेत्र में भाई-बहन के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटना ने पूरे हजारीबाग को झकझोर कर रख दिया है। कुछ दिनों से लापता दोनों भाई-बहन के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद होने के बाद इलाके में मातम पसरा है, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी भाई-बहन कटकमदाग के कूद क्षेत्र में रहकर खिलौने बेचकर जीवन-यापन करते थे। दोनों के अचानक लापता होने पर परिजनों ने 30 मई को कटकमदाग थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। मामले की तलाश के दौरान रविवार को युवती का शव सिंदूर पंचायत भवन के समीप स्थित नाले से बरामद हुआ। वहीं सोमवार को उसके छोटे भाई का शव नजदीक के एक कुएं से मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। टीम का नेतृत्व एएसपी अभियान अमित कुमार और डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी है।
जांच के दौरान मृतका के मोबाइल फोन की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही सिंदूर से कटकमदाग तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों पर से पर्दा उठने की उम्मीद है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को झंडा चौक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र खुलासे की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। पूरे जिले की नजर अब एसआईटी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
