News by Ashok Anant
गिद्धौर (चतरा): जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुवा गांव का निवासी बताया गया है। यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर स्थित जपुवा गांव के समीप एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने वाला है।सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर उक्त स्थल पर अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ही आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उससे मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।गिद्धौर थाना में इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
