डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई विधिक अधिकारों की जानकारी

360° Ek Sandesh Live


BY AJAY RAJ

प्रतापपुर (चतरा):झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के मार्गदर्शन में बुधवार को प्रतापपुर प्रखंड के बभने एवं रबदा गांव में विधिक जागरूकता सह डोर-टू-डोर जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झालसा द्वारा संचालित विशेष नब्बे दिवसीय आउटरीच अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।कार्यक्रम में अधिकार मित्र (पीएलवी) गोविंद ठाकुर, नरेश प्रजापति एवं संदीप कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों कर्तव्यों तथा विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून संबंधी जानकारी के अभाव में अनेक लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में विधिक जागरूकता समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) की विभिन्न योजनाओं, लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय, मध्यस्थता द्वारा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध नि:शुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इसके अलावा ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों से जुड़ी कई जानकारियां प्राप्त कीं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Spread the love