स्वास्थ्य विभाग का दावा : एक साल में 40 लाख से अधिक लोगों की हुई शुगर और बीपी की स्क्रीनिंग

360° Ek Sandesh Live

BY SUNIL

रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से राज्यभर में गैर-संचारी रोगों जैसे डायबिटीज और हाइपरटेंशन के खिलाफ चलाए जा रहे आभियान में पिछले दो वर्षों में काफी सफलता मिली है। वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में वर्ष 2025-26 में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की स्क्रीनिंग, डायग्नोसिस और उनके नि:शुल्क इलाज के दायरे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह प्रगति स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मन्दिर के माध्यम से जमीनी स्तर पर दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सक्रियता को दशार्ती है। एनसीडी के नोडल आॅफिसर डॉ लाल माझी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य भर में 30,45,750 लोगों की डायबिटीज स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 61017 लोगों के डायबिटीज की पुष्टि हुई, वहीं वर्ष 2025-26 में 40,07,710 लोगों की डायबिटीज स्क्रीनिंग की गई। जांच का दायरा बढ़ने से मरीजों की समय पर पहचान संभव हुई है। राहत की बात यह है कि सरकारी केंद्रों से मिल रही नियमित नि:शुल्क दवाओं के चलते पूरी तरह नियंत्रित शुगर लेवल वाले मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। इसी तरह, साइलेंट किलर माने जाने वाले हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 में जहां 30,64,451 लोगों के रक्तचाप की जांच हुई थी, जिसमें 84211 उच्च रक्तचाप के मरीज पाए गए। वहीं वर्ष 2025-26 में 40,31,159 लोगों की स्क्रीनिंग हुई, जिसमें 2,21,335 नए मरीजों में उच्च रक्तचाप का निदान कर उन्हें तुरंत नि:शुल्क सालाना उपचार के दायरे में लाया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों के नियमित संपर्क के कारण मरीजों में जागरूकता बढ़ी है, जिससे मरीजों ने सक्रियता से फॉलो-अप का पालन किया और 13,668 मरीजों का हाइपरटेंशन पूरी तरह से नियंत्रित स्तर पर लाने में सफलता मिली है।
आईईसी कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में आया यह सकारात्मक बदलाव ग्राउंड-लेवल हेल्थ वर्कर्स स्वास्थ्य सहिया, सीएचओ और एएनएम की सक्रियता का नतीजा है। उन्होंने कहा कि विभाग का ध्यान अब सिर्फ जांच का दायरा बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि फॉलो-अप को और मजबूत करने पर है ताकि कोई भी मरीज बीच में दवा न छोड़े। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 वर्ष की उम्र पार करने के बाद साल में कम से कम एक बार अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर डायबिटीज और हाइपरटेंशन की नि:शुल्क जांच जरूर कराएं।

Spread the love