SUNIL
साहिबगंज/बरहेट: बरहेट थाना क्षेत्र के पाडेरबथान के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो और पिकअप वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में गोड्डा जिले के नेपनिया निवासी 85 वर्षीय देवेंद्र महतो तथा हसडीहा थाना क्षेत्र के खसिपा गांव निवासी नंद महतो (59), चम्पा देवी (45), कुमकुम कुमारी (17), चिंतामन महतो (60) और मेंटिना देवी (45) शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है तथा उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वैन ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर भेज दिया है। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने, वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
