तीन मासूमों ने गंवाई जान, चार घायल
AMIT RANJAN
सिमडेगा/कोलेबिरा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलेबिरा-रांची मुख्य मार्ग पर अघरमा गांव के लसिया मोड़ के समीप गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, लोहरदगा से नौ लोग स्कॉर्पियो वाहन संख्या जेएच 01 बीएम 5454 से कोलेबिरा प्रखंड के लसिया गांव मेहमानी के लिए आ रहे थे। जैसे ही वाहन अघरमा गांव के लसिया मोड़ के पास पहुंचा, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद वाहन में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला और एक पुरुष को कोलेबिरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लोहरदगा निवासी गुलाम मुस्तफा अंसारी और उनकी पत्नी गुलशन आरा के रूप में हुई है। वहीं मृत बच्चों में लसिया गांव निवासी आयरा नाज (डेढ़ वर्ष), पिता आरर्शी हाशमी, तथा रांची डोरंडा मनी टोला निवासी अनन्या परवीन (3 वर्ष) और मोहम्मद अर्शी हाशमी (8 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में 5 वर्षीय उमर नवाज, पिता अर्श नवाज, 28 वर्षीय हिना परवीन, 33 वर्षीय अकरम खलीफा और 30 वर्षीय नेहा परवीन शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेज दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और जिला परिषद सदस्य जोसीमा खाखा ने घटना की जानकारी ली और घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इधर, झामुमो जिला सचिव सफीक खान ने उपायुक्त कंचन सिंह से दूरभाष पर बातचीत कर मृतकों का पोस्टमार्टम जल्द कराने का आग्रह किया, ताकि पीड़ित परिवारों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
