बानो में युवती हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

AMIT RANJAN

सिमडेगा/बानो: बानो थाना कांड संख्या-19/2026 के तहत कुरुचडेगा के बरडांड जंगल में युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बासुदेव महतो (22 वर्ष), पिता गजेंद्र महतो, गोसाईटोली बिरता, जलडेगा निवासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुरुचडेगा के बरडांड जंगल में एक गड्ढे में शव मिट्टी और झाड़ी से ढका हुआ है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर एसडीपीओ सिमडेगा के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्ध बासुदेव महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि 7 जून की रात करीब 8:30 बजे कुरुचडेगा जंगल में युवती को लिफ्ट देने के बहाने ले गया, जहां उसने गलत प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या JH 20G 9274), मोबाइल, लोहे का छोलनी और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं।

Spread the love