इलाजरत पांच वर्षीय उमैर नवाज ने भी तोड़ा दम
AMIT RANJAN
सिमडेगा: अघरमा गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय उमैर नवाज की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। उमैर नवाज, दुर्घटना में जान गंवाने वाली आयरा नाज का छोटा भाई था।
उमैर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि हादसे के बाद उसे गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया था, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। गौरतलब है कि इस दर्दनाक सड़क हादसे में इससे पहले कनीज फातिमा, अर्श, आयरा नाज, गुलाम मुस्तफा और उनकी पत्नी गुलशन आरा की मौत हो चुकी थी। उमैर नवाज के निधन के साथ इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या छह हो गई है।
वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज रांची समेत विभिन्न अस्पतालों में जारी है। जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन लगातार घायलों के उपचार तथा पीड़ित परिवारों की सहायता में जुटे हुए हैं। एक ही हादसे में छह लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। खासकर एक ही परिवार के कई सदस्यों के असमय निधन ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अस्पताल परिसर से लेकर मृतकों के गांव और मोहल्लों तक शोक का माहौल बना हुआ है। सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के लोग लगातार पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
