By Mustaffa
मेसरा: बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के ढीपा टोला (मेसरा) स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में 13 जून (दिन शनिवार) को एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रख्यात शिक्षाविद् माद्री शाह ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन के साथ आधुनिक शिक्षा पद्धतियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आज के दौर में बच्चों के मानसिक और व्यावहारिक विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ अतिरिक्त गतिविधियां (एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज) बेहद जरूरी हैं। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माद्री शाह ने कहा कि विद्यालय में केवल पारंपरिक तरीके से पढ़ाना ही काफी नहीं है। खेल,कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को ज्ञान की कई बड़ी बातें आसानी से सिखाई जा सकती हैं। उन्होंने कई ऐसे व्यावहारिक गुर सिखाए जो बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी क्लासरूम में काफी मददगार साबित होंगे। इसके अलावा उन्होंने बाल मनोविज्ञान और शिक्षकों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रभा रानी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से शिक्षकों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है,जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक गीता,ललिता,प्रीति,नीतू,इंदु,अंजु,जयंती,मिली,निशि,अनीता,शीला और शिव शंकर ने मुख्य भूमिका निभाई। कार्यशाला के अंत में सभी शिक्षकों ने मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए सुझावों को विद्यालय में लागू करने का संकल्प लिया।
