News by Mustaffa
मेसरा (रांची): ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 15 जून (सोमवार) को ओरमांझी स्थित माउंट कार्मल विद्यालय में शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता और विशिष्ट अतिथि प्रख्यात शिक्षाविद् मैरी स्टेला नारायण थीं। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षकों को आधुनिक दौर की चुनौतियों से निपटने के मंत्र दिए। शिक्षकों को संबोधित करते हुए मैरी स्टेला नारायण ने कहा कि आज के परिवेश में बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है,जब शिक्षक उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ें और उन्हें बहुत करीब से समझें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब शिक्षा का अभिन्न अंग बन चुका है। शिक्षकों को तकनीक से डरने के बजाय इसका बेहतर और रचनात्मक इस्तेमाल करना चाहिए। अंत में मुख्य वक्ता मैरी स्टेला नारायण ने कहा,शिक्षक बच्चों से दिल का रिश्ता बनाएं और खुद को तकनीक (एआई) के साथ अपग्रेड करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के डायरेक्टर फादर दीपक और प्राचार्या सिस्टर टेसीन ने मुख्य अतिथि को शॉल और मोमेंटो (स्मृति चिह्न) भेंट कर सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि यह सेमिनार शिक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ाने और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक और स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित थे।
