रांची। झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में पार्टी की नवनियुक्त महिला मोर्चा अध्यक्षा डॉ सीमा सिंह ने विधिवत रूप से अपने नवीन कार्यभार को संभाला। मौके पर प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने महिलाओं को दृढ़इच्छा शक्ति की पर्याय बताते हुए कहा कि महिलाएं अपने आप मे बहुत ताकतवर होती हैं। जो महिलाएं घर को संवार कर स्वर्ग बना देती हैं उसी तरह से विकसित भारत में भी योगदान देकर देश को विश्वगुरू बनाने की क्षमता रखती हैं। महिलाओं की बड़ी भागीदारी के बगैर विकसित भारत का सपना अधूरा है। जब पुरुष और महिला दोनों मिलकर काम करेंगे, तभी विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने डॉ सीमा सिंह को एक जुझारू, पार्टी के प्रति समर्पित नेत्री बताया। उन्होंने कहा कि आज तक यह देखा गया है कि डॉ सीमा को संगठन ने जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे उन्होंने सफलता और जिम्मेवारी पूर्वक पूरा करके दिखाया है। प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने नवनियुक्त महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा को नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि संगठन में कोई पद, प्रतिष्ठा के लिए नहीं होता है बल्कि यह एक जिम्मेदारी और दायित्व होता है। जिसे आपको निभाना पड़ता है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा महिलाओं को सशक्त और आगे बढ़ाने का प्रयास करती है। भाजपा देश की सेवा करने वाली पार्टी है। उन्होंने नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में महिला केंद्र बिंदु में होती है। वे हमेशा इस बात की चिंता करते हैं कि देश की महिला कैसे आत्मनिर्भर बने, स्वरोजगार करें और अपने पैरों में खड़े रहकर घर की जिम्मेदारी उठा सके। पूर्व प्रदेश अध्यक्षा सह प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि हमारी महिला मोर्चा हमेशा से मजबूत रही है। श्रीमती कुजूर ने नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद मोदी की सरकार ने भारत की महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए बहुत कुछ किया है। अब नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को 33 % आरक्षण देकर महिलाओ को और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब देश की महिलाएं एक नई गाथा लिखने को तैयार है।निवर्तमान प्रदेश अध्यक्षा आरती सिंह ने कहा कि सबको मिलकर संगठन को ऊंचाइयों तक ले जाना है।महिलाओं ने हमेशा अपनी शक्ति से संगठन को सुशोभित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ सीमा सिंह भाजपा झारखंड महिला मोर्चा को अपनी संगठनात्मक हुनर से और अधिक मजबूत एवं सशक्त करेंगी। नवनियुक्त अध्यक्षा डॉ सीमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी को हम सब मिलकर पूरा करेंगे। वह इस दायित्व को पद के रूप में नहीं , बल्कि सेवा, संगठन और समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करती हैं। सभी बहनों की मेहनत ही हमारी पूंजी है और उनके द्वारा बनाई गई मजबूत नींव पर हमें आगे की इमारत खड़ी करनी है। नव नियुक्त अध्यक्ष ने विश्वास दिलाया कि वे इस दायित्व और भरोसा पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने सभी महिलाओं से आग्रह करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए हम सबको लगना होगा और मातृशक्ति की मजबूती के लिए हम सब जुटेंगे, संगठन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना मेरी प्राथमिकता होगी। संगठन के प्रदेश नेतृत्व के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्षा आरती सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओ की मौजूदगी में डॉ सीमा सिंह द्वारा जब पदभार संभाला गया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
