By Ajay Raj
प्रतापपुर चतरा :प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने में सरकार पर वादाखिलाफी, अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, किसान विरोधी नीतियों तथा हालिया आए आंधी तूफान और बारिश से प्रभावित किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया गया।धरना-सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सतेन्द्र पासवान ने कहा कि हाल ही में आए चक्रवाती तूफान एवं बारिश से क्षेत्र के किसानों की फसल, घर और अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन राज्य सरकार अब तक प्रभावित किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान हेमंत सरकार में प्रखंड कार्यालयों के विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना पैसे एवं कमीशन के लोगों का काम नहीं हो रहा है।भाजपा नेताओं ने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, फसल क्षति का सर्वे कराया जाए तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।धरना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतापपुर मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार यादव एवं घोरीघाट मंडल अध्यक्ष रमाशंकर गुप्ता ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन मंडल महामंत्री सतेन्द्र पासवान ने किया। धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला मंत्री बिरेंद्र सिंह मुन्ना, प्रेम कुमार पासवान, कलेन्द्र कुमार, मिथलेश कुमार, महावीर यादव, राजू यादव, दीपक गिरी, भोला प्रजापति, दर्जनों बूथ अध्यक्ष सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
