बीरगंज भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने नारायणी नदी के तट पर कराया विशेष योग कार्यक्रम

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : नेपाल के बीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा 16 जून को चितवन जिले के भरतपुर स्थित नारायणी नदी के तट पर एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सहकारी एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री बिनु राय मांझी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज के महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीना ने की। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथियों में चितवन के प्रमुख जिला अधिकारी गणेश अर्याल, पुलिस अधीक्षक, चितवन तथा राष्ट्रीय अनुसंधान विभाग, चितवन के एसपी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नेपाल-भारत मैत्री संघ, पतंजलि योग समिति, उद्योग एवं वाणिज्य संघ, आर्ट ऑफ लिविंग, भूतपूर्व सैनिक संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने संबोधन में महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीना ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है जो आज वैश्विक कल्याण का माध्यम बन चुकी है और भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करती है। मुख्य अतिथि मंत्री बिनु राई माँझी ने भी अपने संबोधन में योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया। उन्होंने कहा कि योग तनावमुक्त समाज के निर्माण तथा सकारात्मक ऊर्जा के संचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन कराया गया जिसमें सभी प्रतिभागियों ने भाग लिया। नारायणी नदी के सुरम्य तट पर आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को प्रकृति के साथ जुड़कर योग का अनुभव प्रदान किया।

Spread the love