मार्च में ताज बस से 7.862 किलोग्राम गांजा बरामदगी मामले में ओडिशा से जुड़े आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा गया
AMIT RANJAN
सिमडेगा: गांजा तस्करी मामले में सिमडेगा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मार्च माह में ताज बस से गांजा बरामदगी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि राउरकेला से सिमडेगा आने वाली ताज बस में एक यात्री अपने बैग में गांजा लेकर तस्करी के उद्देश्य से यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर जलडेगा (बासजोर ओपी) थाना काण्ड संख्या-18/2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने खमनटांड चेक पोस्ट के पास ताज बस को रोककर जांच की। जांच के दौरान एक यात्री लव पाण्डेय (उम्र करीब 40 वर्ष), निवासी मलहरकला, थाना चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) के पास से 7.862 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। आरोपी को उसी समय गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने उक्त गांजा ओडिशा के फुलवानी, जिला कंधमाल क्षेत्र से खरीदा था और उसे बिहार ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा विक्रेता की पहचान की। जांच में आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार दिग्गल उर्फ रिंकु उर्फ रिंटू, पिता-भावग्रही दिग्गल, निवासी तिकलपाडा, फुलवानी, थाना खजुरीपाडा, जिला कंधमाल (ओडिशा) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 18 जून 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
