23 जून को बलिदान दिवस तो 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा

360° Ek Sandesh Live


रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों, जिला संगठन प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक के दौरान जहां मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूर्व से चलाए जा रहे कार्यक्रमों सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। वहीं बैठक में भावी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। बैठक के दौरान सांगठनिक मजबूती, भावी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही इस दौरान 30 जून, 2026 से प्रारंभ होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा के साथ कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि पार्टी के पास तय किए गए आगामी कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है। 21 जून को आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं व्यापक आयोजन के लिए संगठन के सभी शक्ति केंद्रों पर योगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शक्ति केंद्र के अंतर्गत निवास करने वाले सभी कार्यकतार्ओं, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवम मंडल के पदाधिकारी को उस कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। साहू ने कहा कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को सभी मंडलों में मनाने तथा 25 जून को देश में कांग्रेस सरकार के द्वारा लागू की गई आपातकाल को काला दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों की एक सबसे लंबी कालावधि तक इलेक्टेड प्रधानमंत्री के रूप में काम करने की इस ऐतिहासिक काल को यादगार बनाने एवम पर्यावरण को सुरक्षित व संरक्षित रखने के लिए एक पेड़ मां के नाम पर लगाने का आह्वान किया। 6 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में महाजनसंपर्क, स्वच्छता, प्रबुद्ध लोगों के साथ संपर्क अभियान चलाने तथा जैविक कृषि गोष्ठी, विकसित भारत संकल्प गोष्ठी का आयोजन करने पर बल दिया। वहीं 6 जुलाई को जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को धूमधाम से मनाने का निर्देश दिया गया। साहू ने कहा कि समर्पित कार्यकतार्ओं के प्रयासों से हम सब जन-जन तक विकास एवं सेवा के संकल्प को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यकतार्ओं की मेहनत, उनका अथक सेवा भाव, उनका समर्पण व संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही भाजपा की असली ताकत है। बैठक को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने भी सम्बोधित किया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित पार्टी के सांसद, विधायक, अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।

Spread the love