By Mustaffa
मेसरा: राजधानी रांची के बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में एक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों,शिक्षकगणों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को योग प्रशिक्षकों के कुशल निर्देशन में पद्मासन,गोमुखासन,पश्चिमोत्तानासन,अनुलोम-विलोम,भ्रामरी तथा कपालभाति सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के माध्यम से सभी को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस विशेष अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा,योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है,जो व्यक्ति के तन,मन और आत्मा के समग्र विकास का आधार है। नियमित योगाभ्यास से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है,बल्कि जीवन में अनुशासन,एकाग्रता और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। संस्थान के निदेशक मनोज कुमार महतो ने आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा,वर्तमान समय में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। यदि विद्यार्थी प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं,तो वे शारीरिक रूप से स्वस्थ,मानसिक रूप से संतुलित तथा शैक्षणिक रूप से और अधिक सफल बन सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकाय के प्राचार्यों ने भी अपने-अपने विचार साझा किए। इस गरिमापूर्ण आयोजन का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने एवं एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना,पुनम कुमारी सहित सभी व्याख्यातागण,शिक्षकेतर कर्मचारी एवं प्रशिक्षुओं ने सामूहिक रूप से उपस्थित रहकर स्वस्थ और निरोग भारत के निर्माण का संदेश दिया।
