के. राजू पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार: भूषण बाड़ा

360° Ek Sandesh Live


सिमडेगा। विधायक सह कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा ने कहा है कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू के उपर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक व दुर्भावनापूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों की ओर से चुनावी माहौल का लाभ उठाकर कांग्रेस नेतृत्व की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ऐसे सभी आरोपों का स्पष्ट शब्दों में खंडन करती है। जनता इस तरह की नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझती है। भूषण बाड़ा ने कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस तथ्य या प्रमाण है, तो उसे संबंधित संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। केवल आधारहीन आरोप लगाना राजनीतिक हताशा व सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि के. राजू का सार्वजनिक व प्रशासनिक जीवन पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही व सामाजिक न्याय की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने वर्षों से गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलितों व वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। देश जिन अधिकार आधारित कानूनों पर आज गर्व करता है, उन्हें नीति स्तर पर आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इनमें मनरेगा, सूचना का अधिकार अधिनियम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा भूमि अधिग्रहण व पुनर्वास से जुड़े कानूनों को प्रभावी स्वरूप देने की दिशा में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जब के. राजू कांग्रेस संगठन को मजबूत करने व जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने में जुटे हैं, तब कुछ लोग केवल भ्रम फैलाने व सुर्खियां बटोरने की राजनीति कर रहे हैं। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की छवि खराब करने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की राजनीति की कड़ी निंदा करती है। भूषण बाड़ा ने कहा कि झारखंड कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता व नेता के. राजू के नेतृत्व, अनुभव, ईमानदारी व संगठनात्मक क्षमता पर पूर्ण विश्वास रखता है। उनके नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है व जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है।

Spread the love