राजकीयकृत मध्य विद्यालय बाडम बाजार का महापौर ने किया निरीक्षण, स्थिति देख जताई चिंता
हजारीबाग : नगर निगम क्षेत्र स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बाडम बाजार के जर्जर भवन और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मेयर अरविंद राणा ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति सामने आई, जिसे देखकर महापौर ने चिंता जताई और जल्द सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय का मुख्य भवन वर्ष 1983 में निर्मित हुआ था, जबकि वर्ष 2005 में सर्व शिक्षा अभियान के तहत दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया गया था। समय के साथ दोनों भवन जर्जर हो चुके हैं। कई कमरों की दीवारों से प्लास्टर झड़ रहा है और भवन के विभिन्न हिस्सों में क्षति दिखाई दे रही है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। निरीक्षण के दौरान महापौर अरविंद राणा ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विद्यालय भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसके कायाकल्प के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मरम्मत एवं विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। जिन विद्यालयों की स्थिति खराब पाई जाएगी, वहां चरणबद्ध तरीके से मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे, ताकि विद्यालयों का स्वरूप बेहतर बनाया जा सके और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिल सके। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हीरा राम, प्रधानाध्यापिका रानी कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
